तिरुलडीह में रेलवे ट्रैक पर मिला मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

Lok Bimb
2 Min Read

तिरुलडीह/ईचागढ़ : चांडिल-मुरी रेलखंड पर तिरुलडीह रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना 28 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 323/11-12 के पास एक युवक का शव देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 18615 को कॉशन ऑर्डर जारी कर सुरक्षित आगे रवाना किया।
मृतक की हुई पहचान
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कागजी कार्रवाई शुरू की। जांच-पड़ताल के बाद मृतक की शिनाख्त तिरुलडीह निवासी झगड़ू कुइरी के पुत्र मनोज कुइरी के रूप में हुई।
भाजपा ईचागढ़ मंडल के महामंत्री राधागोबिंद गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक मनोज कुइरी मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
युवक अचानक ट्रैक पर कैसे पहुंचा और किस ट्रेन की चपेट में आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस दुखद घटना से पूरे तिरुलडीह क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

Share This Article
Leave a Comment