मिथिला पाग और शॉल से पीएम का स्वागत, केवड़िया में दिखी बिहार की सांस्कृतिक छटा

Lok Bimb
2 Min Read

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में बिहार के पर्यटन स्थलों, लोककलाओं और पारंपरिक व्यंजनों का आकर्षक प्रदर्शन

गोपाल विद्यार्थी

पटना/केवड़िया : राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित समारोह में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। बिहार पर्यटन विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक मिथिला पाग और शॉल भेंटकर स्वागत किया गया। बिहार के स्टॉल पर राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों, लोककलाओं और पारंपरिक शिल्प को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। मधुबनी चित्रकला, मखाना, सिक्की कला, टिकुली कला और पत्थरकट्टी शिल्प ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, महाबोधि मंदिर, मां जानकी पुनौराधाम मंदिर, देव सूर्य मंदिर और प्राचीन नालंदा महाविहार के पुरातात्विक अवशेषों के माध्यम से बिहार की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। स्टॉल पर बिहार के पारंपरिक व्यंजनों की प्रस्तुति ने राज्य की विशिष्ट पाक-संस्कृति से भी लोगों को परिचित कराया। राष्ट्रीय मंच पर बिहार की कला, संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन स्थलों के प्रदर्शन से राज्य की विशिष्ट पहचान को सामने लाने का प्रयास किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में बिहार की सहभागिता ने देश की सांस्कृतिक विविधता, आपसी सद्भाव और ‘विविधता में एकता’ के संदेश को मजबूती से प्रस्तुत किया।

Share This Article
Leave a Comment