गोपाल विद्यार्थी
पटना : भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (एसआईएस) समूह के संस्थापक डॉ. रविंद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार को नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। उनके निधन से बिहार के राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आरके सिन्हा के निधन पर गहरी शोक व्यक्त करते हुए इसे हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता, समाजसेवा और राजनीतिक संगठन के क्षेत्र में सिन्हा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाजसेवा और संगठन के प्रति आरके सिन्हा का अमूल्य योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। आरके सिन्हा जनसंघ और भाजपा के शुरुआती दौर से जुड़े रहे। वे वर्ष 2014 से 2020 तक बिहार से राज्यसभा के सदस्य रहे। पत्रकारिता से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले सिन्हा ने वर्ष 1974 में पटना में एसआईएस समूह की स्थापना की थी। उन्होंने निजी सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन एवं अंतिम संस्कार के लिए आज पटना स्थित उनके अन्नपूर्णा आवास पर लाया जाएगा।


