जलवायु अनुकूल ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति, गया जी में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू

Lok Bimb
2 Min Read

28 राज्यों के अधिकारियों और जर्मनी के विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा, जल संरक्षण और आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर होगा मंथन

गोपाल विद्यार्थी 

गयाजी : ग्रामीण क्षेत्रों को जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं के प्रभावों से सुरक्षित बनाने तथा टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गया में सोमवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘क्लाइमेट मंथन’ का शुभारंभ हुआ। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार और जर्मन विकास सहयोग परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में 28 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों, जर्मनी दूतावास के प्रतिनिधियों और जर्मन विकास सहयोग (जीआईजेड) के विशेषज्ञों ने भाग लिया।कार्यशाला का उद्देश्य जलवायु अनुकूलन, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण से जुड़ी बेहतर कार्यप्रणालियों एवं नवाचारों को साझा करना है। उद्घाटन सत्र में ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव रोहिणी भाजीभाकरे, विकसित भारत-जी राम जी के निदेशक संजय कुमार, बिहार ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास तथा आयुक्त अंजनि कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कांसल ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। कार्यशाला में विकसित भारत-जी राम जी के तहत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और जलवायु अनुकूल ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष चर्चा की जा रही है। विशेष रूप से योजना की श्रेणी-IV के अंतर्गत जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर जलवायु और आपदा जोखिमों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इस राष्ट्रीय संवाद से विभिन्न राज्यों को अपने अनुभव और नवाचार साझा करने का अवसर मिलेगा। बिहार के लिए भी यह कार्यशाला महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से राज्य में जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जलवायु अनुकूल ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के साथ अन्य राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलेगा।

Share This Article
Leave a Comment