फरवरी 2027 में आयोजित होगा बिहार बिजनेस कनेक्ट: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Lok Bimb
9 Min Read

बिहार में आए 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, फरवरी 2027 तक उद्योगों के लिए 20 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने बिहार फाउंडेशन की नई वेबसाइट और बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का किया शुभारंभ, प्रवासी बिहारियों से राज्य के विकास में योगदान देने की अपील

पटना : मुख्यमंत्री एवं बिहार फाउंडेशन के संरक्षक सम्राट चौधरी ने बुधवार को घोषणा की कि बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन फरवरी 2027 में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में बिहार फाउंडेशन की नवनिर्मित वेबसाइट और बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर ‘बिहार है तैयार’ कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश-विदेश में स्थित बिहार फाउंडेशन के सभी 55 चैप्टरों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री के साथ संवाद के दौरान प्रतिनिधियों ने बिहार में हो रहे बदलाव की सराहना की और अपने-अपने देशों में राज्य की बदलती छवि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बिहार की समृद्धि में योगदान देने और राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में सहयोग करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री से संवाद करने वालों में अमेरिका के न्यूयॉर्क चैप्टर से आलोक कुमार, टेक्सास चैप्टर से प्रिंस जी, थाईलैंड से अमित कुमार, जापान से आनंद जी, ऑस्ट्रेलिया से पुष्कर जी, मॉस्को से डॉ. श्वेता सिंह, जर्मनी से प्रकाश शर्मा, घाना से अमृता पांडे, युगांडा से रघुनाथ प्रसाद और भारत के अहमदाबाद चैप्टर से दुर्गा दत्त शामिल थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हम बिहारी हैं और बिहार की समृद्धि की कामना करते हैं। बिहार को समृद्ध बनाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। प्रत्येक बिहारी का दायित्व है कि वह राज्य के विकास में अपना योगदान दे। हमारी कर्मभूमि चाहे कहीं भी हो, लेकिन अपनी जन्मभूमि को संवारना भी हमारी जिम्मेदारी है। बिहार के गौरवशाली इतिहास और प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन प्रयासों को और गति प्रदान की। आज बिहार तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रवासी बिहारियों को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि वे देश-विदेश में बिहार की पहचान मजबूत करने और निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए सभी बिहारियों को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने बताया कि बिहार फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोगों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना तथा उनके ज्ञान, कौशल, अनुभव और संसाधनों का उपयोग राज्य के विकास में करना है। फाउंडेशन की गतिविधियां मुख्य रूप से तीन स्तंभों—जुड़ाव (बॉन्डिंग), पहचान (ब्रांडिंग) और व्यापार एवं निवेश (बिजनेस)—पर आधारित हैं। यह संस्था प्रवासी बिहारियों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर बिहार की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार फाउंडेशन के वर्तमान में कुल 55 चैप्टर कार्यरत हैं, जिनमें 31 अंतरराष्ट्रीय और 24 राष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य में आधारभूत संरचना के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। बिहटा में ड्राई पोर्ट शुरू हो चुका है। पटना, दरभंगा और गया से अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नदियों में गाद की समस्या के समाधान और बेहतर प्रबंधन के लिए गाद नीति भी लाई गई है।

उन्होंने बताया कि बिहार के मंत्री और अधिकारी विभिन्न देशों का दौरा करेंगे, ताकि वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीक, निवेश और विकास के बेहतर अवसरों को राज्य से जोड़ा जा सके। इसके अलावा, बिहार मूल के डॉक्टरों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से राज्य में एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे शहरी विकास को गति मिलने के साथ राजस्व के नए स्रोत भी तैयार होंगे। राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति लाई गई है। इको-टूरिज्म को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा विभिन्न परियोजनाओं को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों की स्थापना के लिए अगले कुछ महीनों में 20 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। राज्य में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और इन्हें आगे बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए जा रहे हैं। यह बिहार की बदलती औद्योगिक तस्वीर और निवेश की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी बिहारियों से बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने देशों और क्षेत्रों के उद्योगपतियों तथा निवेशकों को भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। बिहार में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। प्रवासी बिहारी अपने संपर्कों और अनुभवों का उपयोग कर राज्य में नए उद्योगों की स्थापना तथा रोजगार के अवसर पैदा करने में सहयोग कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि विदेशों में उद्योगों को कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, तो बिहार सरकार इस दिशा में संयुक्त उद्यम (ज्वाइंट वेंचर) की संभावनाओं पर भी विचार कर सकती है। इससे बिहार के कुशल युवाओं को देश और विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में यहां के लोगों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिहार फाउंडेशन के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे बिहारियों को एकजुट कर राज्य की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जा सकती है। बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत पौधा भेंट कर किया। इसके बाद उन्होंने बिहार फाउंडेशन के गठन, उद्देश्यों, हालिया उपलब्धियों और विभिन्न पहलों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बिहार फाउंडेशन के पोर्टल पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री एवं बिहार फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह तथा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री दामोदर रावत, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, श्रम संसाधन एवं श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment