क्लस्टर बागवानी से किसानों की बढ़ेगी आमदनी, एक से दो लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान

Lok Bimb
3 Min Read

31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका, बटाईदार किसानों को भी मिलेगा योजना का लाभ : विजय कुमार सिन्हा

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार क्लस्टर आधारित बागवानी योजना संचालित कर रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के अंतर्गत चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती पर प्रति एकड़ एक लाख रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती पर दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला की खेती के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30, अमरूद के लिए 190, नींबू के लिए 210 तथा अनार के लिए 10 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बेल, कटहल, पपीता, ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य चयनित फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ अधिक लाभकारी बागवानी फसलों से जोड़ना है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। अनुदान की राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में दी जाएगी। किसान न्यूनतम 0.25 एकड़ से अधिकतम 10 एकड़ तक खेती के लिए इसका लाभ ले सकते हैं। योजना में गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी शामिल किया गया है। पपीते की खेती के लिए भूमि संबंधी एकरारनामा प्रस्तुत करने पर उन्हें भी अनुदान मिलेगा। वहीं, योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। श्री सिन्हा ने इच्छुक किसानों से 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। इसके लिए किसान पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि क्लस्टर का न्यूनतम रकबा 0.25 एकड़ होना चाहिए तथा लगाए गए पौधों की कम से कम 75 प्रतिशत उत्तरजीविता जरूरी है। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और बिहार को बागवानी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्लस्टर आधारित खेती इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

Share This Article
Leave a Comment