पटना के तीन होटलों की रसोई तीन दिनों के लिए बंद, खाद्य सुरक्षा इकाई की कार्रवाई

Lok Bimb
2 Min Read

होटल एंबेसडर, मगध और नंद में मिलीं गड़बड़ियां, 8 किलो पनीर समेत कई खाद्य सामग्री नष्ट

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को पटना के तीन होटलों में छापेमारी कर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान राजेंद्र पथ स्थित होटल एंबेसडर और होटल मगध तथा भट्टाचार्य रोड स्थित होटल नंद की रसोई में साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री के रखरखाव में गंभीर खामियां मिलीं। इसके बाद तीनों होटलों की रसोई तीन दिनों के लिए बंद करा दी गई।जांच के दौरान तीनों होटलों से पनीर के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। कार्रवाई में कुल आठ किलोग्राम पनीर समेत दूध, आटा, दाल मखनी, ग्रेवी, चिकन और अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। होटल एंबेसडर और होटल मगध में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही स्थान पर रखी मिली। मसालों के डिब्बों पर जंग भी पाई गई। तीनों होटलों में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और कीट नियंत्रण से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। खाद्य संरक्षा इकाई के अनुसार, निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को लेकर तीनों प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य कारोबार की अनुज्ञप्ति निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन को लेकर नियमित निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment