स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने ‘एआई फॉर हेल्दियर बिहार’ कार्यशाला का किया उद्घाटन, 25 नवाचारकर्ताओं ने प्रस्तुत किए तकनीकी समाधान
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग कृत्रिम मेधा (एआई) तकनीक का उपयोग बढ़ाएगा। बुधवार को पटना में आयोजित ‘एआई फॉर हेल्दियर बिहार’ कार्यशाला का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया। इसमें 25 नवाचारकर्ताओं ने एआई आधारित तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन किया।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एआई तकनीक बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के तहत विकसित डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत करते हुए दवा प्रबंधन, चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट एंबुलेंस और अस्पतालों के संचालन में इसका उपयोग किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से दवाओं की मांग, आपूर्ति और भंडार की निगरानी के साथ उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित की जा सकती है। सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे के विश्लेषण से टीबी, कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी और संक्रामक बीमारियों के संभावित प्रकोप का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को भी तकनीकी सहायता मिलेगी। मंत्री ने अस्पतालों में सामान्य वार्ड, आईसीयू, एचडीयू और सीसीयू के खाली बेड की वास्तविक समय की जानकारी डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण मरीजों को टेलीमेडिसिन के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने एआई आधारित स्मार्ट एंबुलेंस विकसित करने की आवश्यकता बताते हुए डिजिटल ईसीजी, पल्स ऑक्सीमीटर, रक्तचाप जांच, जीपीएस और अस्पतालों से डिजिटल संपर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। एंबुलेंस से मरीज की रिपोर्ट पहले ही अस्पताल पहुंचाने और शुरुआती चरण में कुछ स्मार्ट एंबुलेंस के साथ प्रायोगिक परियोजना शुरू करने की संभावना पर भी काम करने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को प्रस्तुत तकनीकी समाधानों की उपयोगिता का आकलन कर उन्हें स्वास्थ्य संस्थानों में लागू करने या प्रायोगिक तौर पर शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एआई का वास्तविक लाभ आम मरीजों तक पहुंचना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि कार्यशाला में चिकित्सा शिक्षा, नर्सिंग, मेडिकल केयर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और स्वास्थ्य आंकड़ों के विश्लेषण से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हुई। प्रस्तुत नवाचार भविष्य में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए गेट्स फाउंडेशन का आभार जताया। कार्यशाला में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, राज्य आयुष समिति के कार्यपालक निदेशक वैभव चौधरी, गेट्स फाउंडेशन की कंट्री डायरेक्टर अर्चना व्यास, डॉ. वसंत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


