नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : डॉ. सिदाम सिंह मुंडा

Lok Bimb
4 Min Read

मॉडल कॉलेज राजमहल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत सप्ताह’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक

फातेह आलम 

राजमहल : मॉडल कॉलेज राजमहल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-2 के तत्वावधान में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत सप्ताह’ के अंतर्गत विशेष नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सिदाम सिंह मुंडा ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में पररिया पंचायत की मुखिया मेरेनिला टुडू तथा प्रखंड राजमहल के कनीय अभियंता रबीउल अंसारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सिदाम सिंह मुंडा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आधारशिला होते हैं। युवाओं का नशे की गिरफ्त में आना न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने की अपील की। मुख्य वक्ता रबीउल अंसारी ने कहा कि नशा व्यक्ति की कार्यक्षमता, स्वास्थ्य और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। वहीं मुखिया मेरेनिला टुडू ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार, ग्रामीण समुदाय और जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका है। उन्होंने युवाओं से गांव-गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने और जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। एनएसएस इकाई-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने कहा कि नशा आज युवा पीढ़ी के सामने गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है। तंबाकू, गुटखा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।

*सेमिनार, सेल्फी और जागरूकता रैली के माध्यम से दिया संदेश*

कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में महाविद्यालय में कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। नशामुक्ति विषय पर सेमिनार और विचार गोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों एवं इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं सेल्फी गतिविधि के जरिए भी नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया गया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर से गोद लिए गए गांव भोटोटोला तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा जागरूकता अभियान के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. रमजान अली, मोहन सिंह, जयकर सिंह, उषा देवी, बबलू हेम्ब्रम, अभिषेक भगत, सुमित साह एवं करमू महतो सहित अन्य की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Share This Article
Leave a Comment