बाढ़ प्रबंधन के लिए नदियों से हटाई जाएगी गाद, ड्रेजिंग की बनेगी कार्ययोजना

Lok Bimb
2 Min Read

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ की बैठक, तकनीकी अध्ययन के आधार पर चिह्नित होंगे स्थल

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार में बाढ़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख नदियों से गाद एवं बालू के टीलों को हटाने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर बुधवार को सिंचाई भवन में उप मुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ बैठक हुई। इसमें भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के निदेशक अरविंद कुमार तथा ड्रेजर एवं बजरा निर्माण करने वाली 12 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नदियों में गाद जमने और बालू के टीले बनने से जलप्रवाह प्रभावित होता है। इससे तटबंधों एवं नदी के संवेदनशील किनारों पर कटाव का खतरा बढ़ जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार ने बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 बनाई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी अध्ययन के आधार पर ही तय होगा कि किस नदी से कहां और कितनी मात्रा में गाद हटाई जानी है। इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसियां व्यावहारिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत करें। विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में गाद हटाने की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से शामिल किया जाएगा। सर्वेक्षण और तकनीकी अध्ययन के माध्यम से आवश्यक स्थलों की पहचान होगी। निकाली गई गाद के सुरक्षित परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि गाद और निर्माण सामग्री के परिवहन तथा कार्यस्थलों तक उपकरण पहुंचाने में बजरों का उपयोग महत्वपूर्ण होगा। बैठक का उद्देश्य सक्षम एजेंसियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करना है, ताकि बाढ़ से पहले और बाढ़ के दौरान जरूरत के अनुसार उनकी सेवाएं ली जा सकें। इसके लिए मशीनरी की उपलब्धता, संचालन, रखरखाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्य करने की क्षमता को आधार बनाया जाएगा। बैठक में विभाग के अभियंता प्रमुख वरुण कुमार सहित अन्य तकनीकी सलाहकार एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment