पटना में सात फल-सब्जी दुकानों की जांच, पांच के पास नहीं मिला खाद्य लाइसेंस

Lok Bimb
2 Min Read

खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई, जांच के लिए भेजे गए केला, सेब, अनार, शरीफा और आलू के नमूने

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने सोमवार को पटना के आयकर गोलंबर, बोरिंग रोड चौराहा और कदमकुआं क्षेत्र में सात फल एवं सब्जी दुकानों की जांच की। इस दौरान पांच दुकानों में खाद्य अनुज्ञप्ति (फूड लाइसेंस) नहीं पाया गया। वहीं, दो अन्य विक्रेताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर वैध लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।जांच के दौरान आयकर गोलंबर स्थित जगदंबा फल दुकान से केला, मां अंबिका फ्रूट्स शॉप से सेब तथा आयकर चौराहा स्थित गुप्ता जी फल दुकान से शरीफा का नमूना लिया गया। वहीं, बोरिंग रोड चौराहा स्थित फिरोज फ्रूट शॉप से सेब और दिलीप फ्रूट बास्केट से केले का नमूना संग्रह किया गया। इन सभी दुकानों में खाद्य अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं थी। इसी क्रम में कदमकुआं स्थित रामजी साव की दुकान से लाल एवं सफेद आलू के नमूने लिए गए और वैध फूड लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, तुमनी देवी की दुकान से सेब का नमूना लेकर उन्हें 14 दिनों के भीतर खाद्य अनुज्ञप्ति लेने को कहा गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।विभागीय कार्रवाई के दौरान खाद्य कारोबार से जुड़े नियमों और लाइसेंस की अनिवार्यता के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment