राजधानी कॉलेज में संविधान दिवस समारोह आयोजित, अधिवक्ता पावस कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
नई दिल्ली : संविधान दिवस की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अधिवक्ता पावस कुलश्रेष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष विक्रम ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और अतिथियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। आदित्य विक्रम ने मुख्य अतिथि पावस कुलश्रेष्ठ का स्वागत किया, वहीं देवेश नागर ने विक्रम का सम्मान किया। संविधान के इतिहास और महत्व पर चर्चा कार्यक्रम को संवादात्मक बनाते हुए वक्ता ने विद्यार्थियों से संविधान दिवस और गणतंत्र दिवस से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। इसी दिन भारत गणराज्य बना। छात्रा शिल्पी ने इन दोनों तारीखों का महत्व बताते हुए सवाल का जवाब दिया, जिसकी वक्ता ने सराहना की। खुशी और शुभम कुमार ने भी संविधान से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
वक्ता ने 26 जनवरी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर चर्चा करते हुए बताया कि वर्ष 1930 में लाहौर में रावी नदी के तट पर आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में पूर्ण स्वराज का संकल्प लिया गया था। इसी ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए संविधान लागू करने के लिए 26 जनवरी की तारीख चुनी गई।
संविधान के अध्ययन के लिए किया प्रेरित राजधानी कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर दर्शन पाण्डेय और दधीचि सोसाइटी के संयोजक प्रोफेसर आदित्य विक्रम ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और संवैधानिक मूल्यों के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं से जागरूक नागरिक बनने की अपील की।
अधिवक्ता पावस कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहने की सलाह दी। उन्होंने संविधान के अनुच्छेदों, न्यायालयों के फैसलों और संविधान सभा की बहसों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों को समझने के साथ उन्हें अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम का प्रमुख संदेश था कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का जागरूक और जिम्मेदार होना आवश्यक है। समारोह में विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ संवैधानिक आदर्शों को अपनाने और उनकी रक्षा करने का संकल्प भी दोहराया गया।


