देवघर एसपी की मासिक अपराध गोष्ठी, उत्कृष्ट कार्य के लिए नौ पुलिस पदाधिकारी सम्मानित

Lok Bimb
3 Min Read

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, साइबर अपराध पर अंकुश और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश

संवाददाता । अनिल कुमार

देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में गुरुवार, 15 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसपी ने लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने, साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने, डायल-112 सेवा को प्रभावी बनाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ पदाधिकारी सम्मानित
मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान पिछले माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में देवघर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र कुमार, नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, पथल्डा थाना प्रभारी मोती राम देगम, मार्गोमुंडा थाना प्रभारी शशि कपूर और पथरोल थाना प्रभारी दिलीप बिलॉन्ग शामिल हैं।
एसपी ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित समीक्षा और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ कार्य करने और जनता के बीच पुलिस की बेहतर छवि बनाए रखने पर जोर दिया।

Share This Article
Leave a Comment