पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बिक्रम में आयोजित  स्काउट-गाइड के पांच दिवसीय शिविर सम्पन्न

Lok Bimb
2 Min Read

गोपाल विद्यार्थी

विक्रम : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, विक्रम में आयोजित भारत स्काउट-गाइड का पांच दिवसीय शिविर बुधवार को सुबह सर्वधर्म प्रार्थना एवं राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। बीते शनिवार को शुरू हुए इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान स्काउट-गाइड का इतिहास, झंडा गीत, प्रार्थना, नियम एवं प्रतिज्ञा, खोज चिन्ह, सीटी संकेत, पायनियरिंग तथा प्राथमिक उपचार जैसी उपयोगी जानकारियां प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, जिज्ञासा एवं सीखने की ललक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। खेल-खेल के माध्यम से बच्चों को व्यावहारिक एवं जीवनोपयोगी ज्ञान दिया गया, जिससे प्रशिक्षण और भी प्रभावी एवं रोचक बना।
शिविर के प्रशिक्षक संतोष कुमार शर्मा एवं ज्वाला प्रकाश ने बताया कि ग्रैंड कैंप फायर कार्यक्रम इस शिविर का मुख्य आकर्षण रहा,जिसका विधिवत उद्घाटन वरीय शिक्षक अमिता प्रसाद ने की  जिसमें छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।साथ ही साथ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति ,बाल विवाह,दहेज प्रथा जैसे अन्य कई कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। समापन समारोह के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुख्तार सिंह द्वारा स्कार्फ पहनाकर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मौके पर विद्यालय की गाइड कैप्टन वंदना कुमारी, स्काउट मास्टर मुकेश मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्राचार्य डॉ. मुख्तार सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण आज के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड विपरीत परिस्थितियों में भी देश और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं तथा इस प्रशिक्षण के जरिए बच्चों को समाज कल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण गुर सिखाए जाते हैं।

Share This Article
Leave a Comment