गोपाल विद्यार्थी
पालीगंज : नगर पंचायत में जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर बुधवार को पालीगंज एसडीएम चन्दन कुमार पुरे लाव-लश्कर के साथ सडक पर उतरे. इस दौरान थाना रोड,पानी टंकी रोड व सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानें, टीन-शेड और अन्य अस्थायी निर्माण को बुलडोजर से हटाया गया. कार्रवाई के बाद सड़क पर आवागमन सुचारु हुआ. एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई के दौरान विरोध या सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा अभियान में हुए खर्च की राशि भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूली जाएगी. अभियान के दौरान नगर कार्यपालक पदाधिकारी भावना, बिजली विभाग के एसडीओ बिपिन बिहारी लाल सहित प्रशासनिक पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय दुकानदारों और पुलिस बल के बीच नोंकझोंक भी हुई. कुछ दुकानदारों ने अचानक की गई कार्रवाई पर नाराजगी जताई, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अभियान जारी रखा.अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में कई बार नोटिस और माइकिंग के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी.


