गोपाल विद्यार्थी
पटना : गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने मंगलवार को एक बैठक में न्याय श्रुति प्रणाली एवं अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। मौके पर आयोजित बैठक में न्यायश्रुति प्रणाली के सफल ट्रायल के उपरांत की गई अग्रेतर कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा हुई। मौके पर राज्य के 968 थानों में कार्यरत सीसीटीएनएस प्रणाली के तहत दर्ज की गई एफआईआर, 60 – 90 दिनों के भीतर आरोप-पत्र (चार्जशीट) दाखिल किए जाने की स्थिति, ई-साक्ष्य अपलोड किए जाने की प्रगति तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की समीक्षा हुई व निर्देश दिए गए । वहीं न्याय श्रुति की समीक्षा के क्रम में अभियोजन निदेशालय, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल), समाज कल्याण विभाग, कारा विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों द्वारा न्याय श्रुति प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी गई। निदेशक, अभियोजन ने बताया कि न्याय श्रुति प्रणाली के वीडियो ट्रायल के सफलतापूर्वक संपन्न होने तथा माननीय पटना उच्च न्यायालय द्वारा गो-लाइव सर्टिफिकेट निर्गत कर न्याय श्रुति, नई दिल्ली को उपलब्ध करा दी गई है। अब पूरे राज्य में न्याय श्रुति की शुरुआत की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक, एससीआरबी अजिताभ कुमार, आईजी, एससीआरबी, डीआईजी, एससीआरबी, पटना उच्च न्यायालय के संयुक्त निबंधक गौरव कमल एवं विशेष कार्य पदाधिकारी रवि रंजन, गृह विभाग के संयुक्त सचिव कमल नयन, अभियोजन निदेशक सुधांशु कुमार चौबे सहित एनआईसी , टीसीएस तथा बेलट्रान के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


