फातेह आलम, तालझारी
साहिबगंज: झारखंड एथलेटिक्स संघ, रांची के निर्देश पर साहिबगंज जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में गुरुवार को सिदो-कान्हु स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय सब जूनियर एवं जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के सचिव माधव चंद्र घोष ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों एवं विद्यालयों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, डे बोर्डिंग बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, डे बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र (सकरीगली), संत जेवियर्स विद्यालय (अंग्रेजी), टाइगर एथलेटिक्स क्लब सकरीगली तथा जुनून अड्डा राधानगर सहित कई संस्थानों के खिलाड़ी शामिल हुए।
बालक अंडर-14 वर्ग में ट्रायथलॉन ग्रुप-ए में आयुष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रुप-बी में आकाश मंडल प्रथम और विशाल कुमार द्वितीय रहे, जबकि ग्रुप-सी में शिवम कुमार प्रथम, निशांत मरांडी द्वितीय और पुजहर हेंब्रम तृतीय स्थान पर रहे। किड्स जेवलिन स्पर्धा में आकाश मंडल ने पहला, विशाल कुमार ने दूसरा और शिवम कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। 60 मीटर दौड़ में एमानुएल किस्कू विजेता रहे, जबकि मोहम्मद आरिफ दूसरे और करण सोरेन तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका अंडर-14 वर्ग में ट्रायथलॉन ग्रुप-ए में रुचि कुमारी प्रथम, ममता मंडल द्वितीय और कोमल कुमारी तृतीय रहीं। ग्रुप-बी में बेबी कुमारी ने पहला, आयशा कुमारी ने दूसरा और रितिका कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ग्रुप-सी में रौशनी कुमारी विजेता रहीं, जबकि पूजा मंडल दूसरे और मिचल फ्रेंकलिन तीसरे स्थान पर रहीं। किड्स जेवलिन प्रतियोगिता में भी रौशनी कुमारी ने प्रथम, बेबी कुमारी ने द्वितीय और रितिका कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रशिक्षक योगेश यादव, अशोक कुमार, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव माधव चंद्र घोष, कोषाध्यक्ष निमाई चौधरी, मिथुन कुमार मंडल, अमन कुमार, अमृत राज, सूरज, भुवन कुमार, रंजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला एथलेटिक्स संघ ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 21 एवं 22 अगस्त को धनबाद में आयोजित होने वाली तृतीय सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में साहिबगंज जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले की मजबूत तैयारियों का संकेत दिया।


