इन्द्रजीत
जामताड़ा : नाला विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से नहर में पानी छोड़ने की मांग कर रहे भाजपा के जामताड़ा जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार हेम्ब्रम के लगातार प्रयास आखिरकार सफल रहे। नहर में पानी छोड़े जाने के बाद क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार हेम्ब्रम ने पिछले कई महीनों से नहर में पानी छोड़े जाने की मांग विभिन्न मंचों पर प्रमुखता से उठाई थी। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया था। इतना ही नहीं, यदि समय पर नहर में पानी नहीं छोड़ा जाता तो किसानों के हित में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी थी।दिलीप कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि आधारित क्षेत्र है, जहां अधिकांश किसान खेती पर निर्भर हैं। किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से नहर का निर्माण कराया गया था। लेकिन बरसात के मौसम में भी नहर में पानी नहीं छोड़े जाने से किसान चिंतित थे और खेती पर संकट के बादल मंडरा रहे थे।उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए नहर में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर जन आंदोलन चलाया गया। किसानों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। नहर में पानी छोड़े जाने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में काफी सुविधा मिलेगी और धान सहित अन्य फसलों की खेती को भी लाभ होगा।नहर में पानी छोड़े जाने पर दिलीप कुमार हेम्ब्रम ने संबंधित विभाग, प्रशासन तथा इस मांग का समर्थन करने वाले सभी किसानों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित से जुड़े मुद्दों को भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ उठाते रहेंगे और किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।क्षेत्र के किसानों ने भी नहर में पानी छोड़े जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे खेती-किसानी को नई गति मिलेगी और सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर होगी। किसानों ने इस पहल के लिए दिलीप कुमार हेम्ब्रम के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी किसानों की समस्याओं का समाधान इसी तरह होता रहेगा।


