फातेह आलम तालझारी
राजमहल : राजमहल थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक कक्षा 9 का छात्र था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को राजमहल-बड़हरवा मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, किशोर रविवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर उसका पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिरे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आते ही किशोर मौके पर ही गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बिजली के तार को हटाकर किशोर को बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन में उसे राजमहल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। 8-10 दिनों से जमीन पर पड़ा था तार, शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को राजमहल-बड़हरवा मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि हाईटेंशन तार पिछले करीब 8-10 दिनों से टूटकर जमीन पर पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से कई बार दी गई थी, लेकिन तार को दुरुस्त कराने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते टूटे हुए तार को ठीक कर दिया जाता तो मासूम किशोर की जान बच सकती थी। घटना को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति काफी नाराजगी देखी गई।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर राजमहल एसडीपीओ, थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज भेज दिया।
विभागीय लापरवाही की भी होगी जांच
बिजली विभाग के कनीय अभियंता ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। हाईटेंशन तार टूटने के कारणों के साथ-साथ विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियमानुसार मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इधर, घटना के बाद पूरे इलाके में बिजली विभाग के खिलाफ रोष है। ग्रामीणों ने जर्जर बिजली तारों और पोलों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने तथा दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


