फातेह आलम तालझारी
तालझारी : मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार द्वारा तैयार माइक्रो प्लान के तहत सोमवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़ा दुर्गापुर के अंतर्गत महादेवपुर गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़ा दुर्गापुर की स्वास्थ्य टीम एवं पीएम जनमन टीम ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान गांव के 54 जरूरतमंद एवं योग्य लाभार्थियों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही आरडीके जांच एवं रक्त पट्ट संग्रह कर संभावित मलेरिया सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। जांच के बाद ग्रामीणों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के प्रति भी जागरूक किया। शिविर में एएनएम रोमा कुमारी एवं दोरोथी बेसरा, एमटीडब्ल्यू प्रियंका कुमारी, सीएचओ विजय हेंब्रम, बगल गांव की सहिया सावित्री हेंब्रम, सहरपुर की सहिया साथी प्रियंका देवी, सेविका सरिता हसदा, सहिया पर्यवेक्षक अवधेश कुमार, वार्ड सदस्य पुलिस गुरुजी टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए माइक्रो प्लान के तहत आगे भी गांवों में जांच एवं जागरूकता अभियान जारी रहेगा।


