भागलपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने बुधवार को लोदीपुर थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी व्यवस्था सहित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही लंबित कांडों, अनुसंधान की प्रगति, वारंट एवं कुर्की से संबंधित मामलों तथा थाना क्षेत्र के दागी व्यक्तियों के सत्यापन की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान थाना के विभिन्न कार्यों एवं पंजियों के संधारण में लापरवाही पाई गई। इसके अलावा दागी व्यक्तियों के सत्यापन तथा कुछ कांडों के अनुसंधान में निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोदीपुर थानाध्यक्ष समेत संबंधित सभी पदाधिकारियों के वेतन धारित करने की कार्रवाई की है। साथ ही विभागीय कार्रवाई के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सभी को निर्धारित अवधि में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाना के सभी कार्यों एवं अभिलेखों का संधारण निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुसंधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा दागी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन का कार्य नियमित और प्रभावी ढंग से करने को कहा।
इसके अलावा लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, प्रभावी रात्रि गश्ती, नियमित वाहन जांच तथा अपराध नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


