गोपाल विद्यार्थी
पालीगंज : वरीप पुलिस अधिकारी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और अवैध हथियार, मादक पदार्थ तथा शराब की बरामदगी को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार की रात पियरपुरा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में एक व्यक्ति को अवैध हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है. वहीं, पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को भी एक देसी कट्टा के साथ पकड़ा है. वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सुचना मिली कि गौसगंज गांव निवासी सद्दाम अंसारी, पिता वाहिर अंसारी, अपने घर में बड़ी संख्या में अवैध हथियार छिपाकर रखा है.सूचना मिलते ही पालीगंज ड़ीएसपी-2 पंकज शर्मा ने एक टीम गठित किया. जिसमें पियरपुरा थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक पूजा राठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गौसगंज स्थित उसके घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस ने सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके घर से दो देसी कट्टा, एक देसी रिवॉल्वर, नौ जिंदा कारतूस, दो खोखा, दो मोबाइल फोन और एक एयरगन बरामद की.मामले में खिरीमोर (पियरपुरा थाना) कांड संख्या 287/26 दर्ज कर शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बुधवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गौसगंज गांव से ही एक विधि-विरुद्ध बालक को एक अवैध देसी कट्टा के साथ पकड़ा.उसके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पूजा राठी के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णकांत यादव, दिलीप महतो, चंद्रमोहन सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.


