मकेर के बघाकोल हैजलपुर में दो जगह टूटा नदी का बांध, कई गांवों में बाढ़ का खतरा

Lok Bimb
2 Min Read

सारण : मकेर प्रखंड के बघाकोल हैजलपुर गांव के पास नदी का बांध दो जगहों पर अचानक टूट जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बांध टूटते ही नदी का पानी तेज रफ्तार से गांवों की ओर बढ़ने लगा, जिससे बघाकोल, हैजलपुर और आसपास के निचले इलाकों में पानी फैल गया है। इससे कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी रौशन कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, ग्रामीण एसपी संजय कुमार और जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।सांसद राजीव प्रताप रूडी भी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं। उनके निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, SDO, DySP, जिला महामंत्री निरंजन शर्मा और पूर्व जिला महामंत्री अनिल सिंह भी राहत कार्य में जुटे हैं।जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण विभाग को बांध मरम्मत का कार्य अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया है। प्रभावित परिवारों को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविर की व्यवस्था करने को कहा गया है। एसएसपी ने लोगों से नदी किनारे न जाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment