मैट्रिक-इंटर की मार्कशीट पर अब नहीं लिखा जाएगा ‘फेल’: शिक्षा मंत्री

Lok Bimb
2 Min Read

‘फेल’ की जगह प्रमाण पत्र पर लिखा जाएगा ‘कौशल के लिए पात्र’, पूरक परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए चलेंगी विशेष कक्षाएं

पटना: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की मार्कशीट पर अब ‘फेल’ शब्द नहीं लिखा जाएगा। इस बदलाव के लिए संबंधित नियमों में संशोधन किया जाएगा, जिसके बाद शिक्षा विभाग बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी करेगा। प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ की जगह ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का प्रयोग किया जाएगा।

विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में गुरुवार की रात आयोजित समीक्षा बैठक के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों का मनोबल बनाए रखना बेहद जरूरी है। किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि विद्यार्थी में प्रतिभा की कमी है। इसी सोच के तहत प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना और उन्हें परीक्षा में सफलता हासिल करने में मदद करना है।

बैठक में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

शिक्षा मंत्री के अनुसार, समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षक सहयोग पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रत्येक जिले से चयनित एक शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में पटना के ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ के रूप में चयनित 10 मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), एससीईआरटी और विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के शिक्षकों को भी समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment