गंडक नदी का बांध टूटा, EHD JV के कैंप में घुसा पानी, लाखों की मशीनरी डूबी, NH-139W प्रोजेक्ट का काम ठप

Lok Bimb
2 Min Read

सोनपुर : NH-139W बाकरपुर-मानिकपुर फोरलेन परियोजना को बाढ़ से बड़ा झटका लगा है। गंडक नदी के बांध टूटने से नदी का पानी शिकारपुर स्थित EHD JV कंपनी के कैंप में घुस गया। इससे पूरा कैंप परिसर जलमग्न हो गया और लाखों-लाख रुपये की भारी मशीनरी पानी में डूब गई। इस घटना के बाद परियोजना का कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया है। जानकारी के अनुसार बांध टूटते ही तेज रफ्तार से पानी कैंप की ओर बढ़ा और देखते ही देखते पूरे परिसर को अपने आगोश में ले लिया। कैंप में खड़ी जेसीबी मशीन, रोड रोलर, पानी के टैंकर सहित कई अन्य महंगे उपकरण पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर अब्दुल मलिक, सीनियर मैनेजर आर.एस. चौहान, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर विजय शर्मा और मैकेनिकल इंजीनियर उज्जवल कुमार मौजूद रहे। सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर अब्दुल मलिक ने बताया कि बांध टूटने से अचानक पानी कैंप में घुस आया। स्थिति काफी गंभीर है। हमारी पूरी टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मैकेनिकल इंजीनियर उज्जवल कुमार के नेतृत्व में तकनीकी टीम पानी में डूबी मशीनरी को बाहर निकालने और उनकी मरम्मत का आकलन करने में जुटी है। सीनियर मैनेजर आर.एस. चौहान और डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर विजय शर्मा ने बताया कि पानी उतरने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी मिल पाएगी, लेकिन शुरुआती तौर पर लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल एहतियात के तौर पर परियोजना का कार्य रोक दिया गया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि पानी उतरते ही कैंप को फिर से दुरुस्त कर कार्य शुरू किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment