दिलीप कुमार
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।
8 और 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित हो रहे इस विभागीय सम्मेलन में देश के सभी राज्यों से महिला एवं बाल विकास क्षेत्र से जुड़े राजनीतिक नेतृत्व और अधिकारी भाग ले रहे हैं। यह प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित विभागीय सम्मेलनों की श्रृंखला का दूसरा सम्मेलन है। इसका उद्देश्य सहकारी संघवाद को मजबूत करना, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना तथा केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से परिणामों में तेजी लाना है।
सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। इनमें बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों की नई रूपरेखा तैयार करना, कमजोर एवं संवेदनशील बच्चों के संरक्षण तंत्र को मजबूत करना, संस्थागत और विधायी व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रमुख योजनाओं की प्रभावशीलता और परिणामों को बेहतर बनाकर महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना शामिल है।
विभागीय सम्मेलन की व्यवस्था केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करने, बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने और क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने का अवसर प्रदान करती है। सम्मेलन में बेहतर शासन और सेवा वितरण के लिए समयबद्ध कार्ययोजनाओं पर भी सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।


