मोहनपुर में क्रिकेट के मैदान पर भिड़े पत्रकार-पुलिस, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

Lok Bimb
4 Min Read

-मोहनपुर स्टेडियम में आयोजित हुआ टूर्नामेंट, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को किया जागरूक

अनिल कुमार

मोहनपुर : प्रखंड स्थित मोहनपुर स्टेडियम में रविवार को पत्रकार और पुलिस के बीच क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। मुकाबले में पुलिस टीम ने पत्रकार टीम को हराकर जीत दर्ज की। पुलिस टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार टीम 96 रन ही बना सकी। इस तरह पुलिस टीम ने 10 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा ने फीता काटकर किया। आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक करना और पुलिस तथा मीडिया के बीच आपसी समन्वय एवं सौहार्द को मजबूत करना था। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। मुकाबले में दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस कराया गया। पुलिस टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पुलिस टीम के खिलाड़ियों ने निर्धारित 10 ओवर में 106 रन बनाकर पत्रकार टीम के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार टीम ने भी जीत के लिए पूरा प्रयास किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में टीम 96 रन ही बना सकी। मुकाबले में पुलिस टीम विजेता बनी, जबकि पत्रकार टीम उपविजेता रही। अंपायर की भूमिका संतोष कुमार व राजकुमार प्रिंस ने निभाई। समापन के अवसर पर गुप्ता ब्रदर्स की ओर से विजेता पुलिस टीम और उपविजेता पत्रकार टीम को सम्मानित किया गया।

 नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें का दिया संदेश:-
टूर्नामेंट के दौरान खेल के साथ सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया गया। मोहनपुर पुलिस ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। इससे बचने के लिए लोगों को जागरूक होना जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से ‘नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें’ का संदेश दिया गया।

 साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील:-
पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए। अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी और अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी गई। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध कॉल के झांसे में आने से बचने की अपील की गई। इसके अलावा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने और यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। मौके पर पुलिस टीम की ओर से थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, गंगा कुमार, छोटेलाल कुमार, मनोज कुमार, गोलू कुमार, मुकेश कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, संतोष कुमार, संजीत कुमार, अजय कुमार, पूरन कुमार, जितेंद्र कुमार, सुशील कुमार और जोहन किस्कु मौजूद थे। वहीं, पत्रकार टीम की ओर से चमन कुमार, अनिल कुमार साह, केशव कुमार यादव, श्रवण कुमार मंडल, मंटू यादव, कौशल किशोर, रंजन कुमार,पप्पू कुमार यादव, पप्पू यादव, सिकंदर यादव, कुलवंत सिंह, अनिल कुमार, रविंद्र यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment