सोनू कुमार सिंह
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार को राजनीतिक विरोध प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस के जिला मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर पथराव और लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जेएनयू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग को लेकर घेराव कार्यक्रम बुलाया था। भाजपा कार्यकर्ता सुबह 11:30 बजे जी टाउन क्लब मैदान में एकत्र हुए और वहां से तिलक पुस्तकालय पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में महिला कार्यकर्ताओं ने गुलाब देकर सांकेतिक विरोध जताया, लेकिन नारेबाजी तेज होते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
इस झड़प में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं के सिर में चोटें आईं हैं। कांग्रेस पक्ष के एक उपाध्यक्ष के भी घायल होने की सूचना है।
हालात बिगड़ने की सूचना पर सिटी एसपी, एसडीओ और डीएसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बिष्टुपुर डायगनल रोड इलाके को नियंत्रित किया। फिलहाल तिलक पुस्तकालय के बाहर पुलिस तैनात है।
पुलिस का कहना है कि पथराव की शुरुआत किस पक्ष ने की, इसकी पुष्टि CCTV फुटेज की जांच के बाद ही हो पाएगी। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है।


