कमांडेंट के निर्देश पर चला विशेष वाहन जांच अभियान, रातभर कोयला लदे और खाली वाहनों की हुई सघन जांच
मगध में कोयला तस्करी करने वाला तस्करों के कुंडली निकालने में जुटी केंद्रीय टीम, रात के अंधेरे में ग्रामीणों को जमवाड़ा लगाकर अवैध गाड़ियों निकालने का हुआ खुलासा
शैलेश सिंह
चतरा: मगध-आम्रपाली कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने मोर्चा संभाल लिया है। कमांडेंट अमित कुमार के दिशा-निर्देश पर अवैध कोयला परिवहन और तस्करी के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गोलीटांड़ चेक पोस्ट पर 100 से अधिक CISF जवानों की तैनाती कर कोयला लदे एवं खाली वाहनों की सघन जांच की गई। जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 की रात 10:15 बजे से 18 अक्टूबर 2026 की सुबह 5:15 बजे तक CCL के NK एवं पिपरवार तथा मगध-आम्रपाली क्षेत्र की CISF टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत मगध क्षेत्र में फुलवासिया साइडिंग के समीप स्थित गोलीटांड़ चेक पोस्ट पर विशेष नाका लगाया गया। उप कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में 100 से अधिक CISF बल सदस्यों को तैनात किया गया। जवानों ने चेक पोस्ट से गुजरने वाले कोयला लदे और खाली वाहनों की बारीकी से जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों तथा उनकी गतिविधियों की जांच पर विशेष जोर दिया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य कोयला परिवहन में अनियमितताओं पर नजर रखना, अवैध कोयला ढुलाई एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और कोयला परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाना था।
इस विशेष अभियान में मगध-आम्रपाली क्षेत्र के सहायक कमांडेंट सुभाष कुमार भी शामिल रहे। CISF की इस कार्रवाई को कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। CISF की सख्त निगरानी और व्यापक वाहन जांच से अवैध कोयला परिवहन में संलिप्त गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।


