रमेश चौक पर नाबालिगों के दो गुटों में चाकूबाजी से मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Lok Bimb
3 Min Read

20-25 साथियों को बुलाने की चर्चा से बढ़ा तनाव, दोनों पक्षों के किशोरों को पकड़कर पूछताछ कर रही पुलिस

औरंगाबाद : औरंगाबाद शहर के व्यस्त रमेश चौक पर बुधवार की रात नाबालिगों के दो गुटों के बीच विवाद, मारपीट और चाकू लहराने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। चाकू लेकर पहुंचे एक गुट के किशोरों ने दूसरे पक्ष के नाबालिग को पकड़कर ले जाने की कोशिश की। इस दौरान चाकू लहराए जाने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के किशोरों को पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी गई थी। इसी रंजिश में एक पक्ष का किशोर अपने साथियों के साथ चाकू लेकर रमेश चौक पहुंच गया। वहां दूसरे पक्ष के किशोर को पकड़कर ले जाने की कोशिश के दौरान स्थिति बिगड़ गई। अचानक हुए घटनाक्रम से चौक पर शोर-शराबा शुरू हो गया और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
20 से 25 किशोरों के पहुंचने की चर्चा से बढ़ी गहमागहमी
घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में किशोरों के चाकू-छुरी लेकर पहुंचने की चर्चा फैल गई। 20 से 25 किशोरों के जुटने की बात सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग रमेश चौक स्थित पुलिस पिकेट पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस पिकेट पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रात के समय पुलिस पिकेट पर लोगों की बड़ी भीड़ दिखाई दे रही है। पुलिस के जवान लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का बाइक दस्ता भी मौके पर पहुंचा।
दोनों पक्षों के किशोरों से पूछताछ
नगर थाना पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए झड़प और मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के किशोरों को पकड़कर थाने लाया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि मामला दो नाबालिग किशोरों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के किशोरों को पकड़ लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि घटना को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं के आधार पर भयभीत होकर भीड़ न जुटाएं।
घटना के बाद शहर के व्यस्त चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था और किशोरों के बीच बढ़ते विवाद को लेकर चिंता जताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment