मधुपुर नगर पुस्तकालय में विद्यार्थियों को मिलेगी शुद्ध और शीतल पेयजल की सुविधा, अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट और लायंस क्लब की पहल

Lok Bimb
3 Min Read

मधुपुर : विद्यार्थियों की सुविधा और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट एवं लायंस क्लब ऑफ मधुपुर ने सराहनीय पहल की है। ट्रस्ट द्वारा प्रदत्त तथा लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के सहयोग से नगर पुस्तकालय, मधुपुर में स्थापित वॉटर चिलर मशीन का विधिवत उद्घाटन PMJF लायन डॉ. अरुण गुटगुटिया ने किया। इस पहल से पुस्तकालय में अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों को अब शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी। नगर पुस्तकालय में प्रतिदिन पढ़ाई करने पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। खासकर गर्मी के मौसम में शुद्ध और ठंडे पानी की उपलब्धता से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। शिक्षा से जुड़े संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के विकास की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के अवसर पर PMJF लायन डॉ. अरुण गुटगुटिया ने कहा कि समाजसेवा का वास्तविक उद्देश्य लोगों की आवश्यकताओं को समझना और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए सार्थक प्रयास करना है। शिक्षा से जुड़े संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। नगर पुस्तकालय के अध्यक्ष घनश्याम जी ने इस जनहितकारी पहल के लिए अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट एवं लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में आने वाले विद्यार्थियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलने से काफी लाभ होगा। वहीं, लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के अध्यक्ष लायन सुमंत गुटगुटिया ने कहा कि लायंस क्लब सेवा, सहयोग और जनकल्याण के कार्यों के लिए सदैव समर्पित रहा है। क्लब की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्य जारी रहेंगे। इस अवसर पर अनुमंडल दंडाधिकारी मधुपुर विनय पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर पुस्तकालय जैसे शैक्षणिक स्थलों पर इस प्रकार की सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा की दृष्टि से सराहनीय है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं द्वारा जनहित में किए जा रहे ऐसे प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में लायंस डिस्ट्रिक्ट 322A, रीजन-V, ज़ोन-A के चेयरपर्सन एवं समिति सदस्य लायन प्रेम पाठक, समिति सदस्य एवं लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के सदस्य लायन नरेश पटेल, क्लब के उपाध्यक्ष लायन राजेश तिवारी, संयुक्त सचिव लायन रामानुज मिश्रा, लायन विशाल चौरसिया, लायन सुवेन्दु दा सहित नगर पुस्तकालय के सचिव पंकज पीयूष, कोषाध्यक्ष रंजन कुमार सिन्हा, सदस्य ब्रह्मदेव मंडल, महेश मिश्रा एवं लाइब्रेरियन दिवाकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।

Share This Article
Leave a Comment