अंडर-19 बालिका वर्ग में ओवरऑल चैंपियन, अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में रनरअप का खिताब हासिल
गोपाल विद्यार्थी
पटना : जिले के सगुना मोड़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय सहित पूरे बिहार का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग में विद्यालय की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही तीन ट्रॉफियाँ जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। वहीं, अंडर-14 और अंडर-17 बालिका वर्ग में विद्यालय की टीम रनरअप रही। छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता ने विद्यालय के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम का परिचय दिया। वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल, बिहार के रीजनल ऑफिसर एसके झा, स्टेट स्पोर्टस कोऑर्डिनेटर अंजलि, मैनेजर भारती नायक, विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय शंकर अवस्थी समेत अन्यों ने विजेता छात्राओं को बधाई दीं।


