फातेह आलम तालझारी
बरहेट के गिल्हा गांव में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, चार प्रखंडों की 204 महिला किसानों को मिलेगा लाभ; प्रशिक्षण के बाद दी जाएंगी 30-30 मशरूम उत्पादन किट
बरहेट : ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला उद्यान कार्यालय, साहिबगंज की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत उद्यान विकास योजना के अंतर्गत बुधवार को बरहेट प्रखंड की लबरी पंचायत के गिल्हा गांव में पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक एवं स्थानीय वार्ड सदस्य ने संयुक्त रूप से किया।
वैज्ञानिक तकनीकों का दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सखी मंडल की दीदियों और महिला किसानों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में महिलाओं को मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया, आवश्यक तकनीकों और कम लागत में उत्पादन कर आय अर्जित करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे ग्रामीण महिलाएं अपने घर और गांव में ही रोजगार के अवसर विकसित कर सकेंगी।
चार प्रखंडों की 204 महिला किसान होंगी लाभान्वित
इस योजना के तहत साहिबगंज जिले के बरहेट, पतना, राजमहल और तालझारी प्रखंडों की कुल 204 महिला किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं के कौशल विकास के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को अपनी मेहनत और हुनर के जरिए नियमित आय अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रशिक्षण के बाद मिलेंगी 30-30 मशरूम उत्पादन किट
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली प्रत्येक महिला को 30 मशरूम उत्पादन किट और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे महिलाएं प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों का उपयोग कर मशरूम उत्पादन शुरू कर सकेंगी। साथ ही, अतिरिक्त आय अर्जित कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकेंगी।
महिला सशक्तीकरण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
मशरूम उत्पादन ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार का एक बेहतर अवसर बन सकता है। जिला उद्यान कार्यालय की इस पहल से महिलाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलने के साथ उनकी आर्थिक भागीदारी भी बढ़ेगी। प्रशिक्षण के बाद उत्पादन कार्य शुरू करने से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उद्यान विभाग के प्रेम पासवान, BRLF की जीवि दाह हसा (JDH 2.0) परियोजना के बरहेट टीम लीडर मनोज कुमार पाल, सखी मंडल की दीदियां, महिला किसान एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।


