सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज को मिली विकास कार्यों की सौगात, संस्थापक प्राचार्य की प्रतिमा का किया अनावरण
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित उदंतपुरी में सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मौके पर उन्होंने कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।समारोह में नीतीश कुमार ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की व नालंदा सांसद निधि से निर्मित पुल एवं सड़क, नवनिर्मित वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट तथा नवीनीकृत विज्ञान ब्लॉक का उद्घाटन किया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
शिक्षा के क्षेत्र में बिहार को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य
समारोह को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। इसके लिए शैक्षणिक आधारभूत संरचना के विकास, शिक्षकों की नियुक्ति, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि नालंदा की धरती प्राचीन काल से ही पूरी दुनिया को ज्ञान देने के लिए प्रसिद्ध रही है। इस गौरवशाली परंपरा को फिर से मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्हें विश्वास है कि सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज आने वाले वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
विद्यार्थियों से लगन और निष्ठा के साथ पढ़ने की अपील
नीतीश कुमार ने कहा कि नई पीढ़ी को यह समझना चाहिए कि समाज और राज्य जितना शिक्षित होगा, उतना ही विकसित होगा। विद्यार्थी अपने छात्रजीवन में मेहनत और लगन से जो आधार तैयार करेंगे, वही उनके भविष्य को दिशा देगा। उन्होंने बच्चों की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार, समाज और सरकार की सामूहिक भागीदारी को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में बिहार के मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव हरेंद्र बहादुर सिंह, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उपेन्द्र प्रसाद सिंह तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेश प्रसाद सिंह सहित कई अन्य मौजूद रहे।


