निजी विद्यालयों के निरीक्षण को पहुंची पांच सदस्यीय टीम

Lok Bimb
2 Min Read

बच्चों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे और मूलभूत सुविधाओं समेत 13 बिंदुओं पर हुई जांच, रिपोर्ट संबंधित विभाग को सौंपी जाएगी

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : उपायुक्त साहिबगंज के निर्देश पर गुरुवार को तालझारी प्रखंड क्षेत्र के चार विद्यालयों का पांच सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, मूलभूत सुविधाओं और सरकारी मानकों के अनुपालन की स्थिति की जांच की गई। टीम ने उच्च विद्यालय महाराजपुर, मोंडल एकेडमी चिल्ड्रेन, डिटिल फोल्वर एकेडमी एवं एसटी गांधी मेमोरियल स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में साफ-सफाई, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यालय परिसर की स्थिति, बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था सहित कुल 13 बिंदुओं पर जांच की गई। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुपालन और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना था। निरीक्षण टीम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील टुडू, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नवीन कुमार, एसआई संजीत कुमार मिश्रा, थाना एसआई महेंद्र कुमार, महिला पर्यवेक्षिका जुली कुमारी एवं एएनएम शुभम प्रजापति शामिल थीं। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील टुडू ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को सौंपी जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment