जमीन स्थानीय की, कोयला परियोजना कंपनी की और रोजगार के अवसर बाहरी लोगों के नाम! आखिर प्रभावित युवाओं के साथ यह कैसा न्याय…?

Lok Bimb
6 Min Read

हक अधिकार और धरना का कोई अधिकारी नहीं देता है परमिशन, सूचना देकर हक अधिकार मांग पर बैठा जाता हैं धरना: विधायक बड़कागांव

चंद्रगुप्त कोल परियोजना के सुशी कम्पनी खिलाफ सैकड़ों रैयतों का हुंकार, रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिलने से आक्रोश, आरएस यादव पर विधायक का ललकार…!

धरनास्थल से युवाओं को हटाने पहुंची पुलिस, वायरल वीडियो के बाद विधायक रोशन लाल चौधरी ने लिया संज्ञान, आंदोलन में समर्थन देने का दिया भरोसा

शैलेश सिंह

केरेडारी/टंडवा: कोयले की दौलत से परियोजनाओं का भविष्य संवर रहा है, लेकिन जिस जमीन पर यह खनिज संपदा मौजूद है, उसी जमीन के असली हकदार स्थानीय युवाओं का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। जमीन स्थानीय ग्रामीणों की, विस्थापन का दर्द स्थानीय परिवारों का और रोजगार के अवसरों पर बाहरी लोगों का कथित कब्जा! आखिर यह कैसा विकास और किसके लिए विकास? यह सवाल अब पचड़ा, बुकरू और नायखाप के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं के आंदोलन से गूंजने लगा है। मामला केरेडारी प्रखंड क्षेत्र की सीसीएल की प्रस्तावित चंद्रगुप्त कोल परियोजना के एमडीओ सुशी कम्पनी और इसके इसका प्रबंधन आरएस यादव से जुड़ा है। रोजगार में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर प्रभावित पचड़ा, बुकरू और नायखाप गांव के सैकड़ों युवाओं ने एक नवंबर को दोपहर दो बजे से परियोजना के समक्ष शांतिपूर्ण धरना शुरू किया। युवाओं का आरोप है कि परियोजना के नाम पर उनकी जमीन, जंगल और घर प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन जब रोजगार और भविष्य संवारने की बारी आती है तो उन्हें ही दरकिनार किया जा रहा है। युवाओं ने दावा किया कि परियोजना में करीब 85 प्रतिशत बाहरी लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। यदि यह दावा सही है, तो कंपनी की स्थानीय रोजगार नीति और नियुक्तियों की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

विकास के नाम पर विस्थापन, रोजगार के नाम पर उपेक्षा क्यों?

सबसे बड़ा सवाल एमडीओ सुशी कम्पनी से है कि आखिर प्रभावित गांवों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अब तक क्या ठोस पहल की गई है? क्या परियोजना की जमीन देने वाले परिवारों के आश्रितों को रोजगार में प्राथमिकता देने की कोई स्पष्ट व्यवस्था है? यदि है, तो उसका लाभ वास्तविक प्रभावितों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है? कंपनी को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि परियोजना में कितने स्थानीय और कितने बाहरी लोगों को रोजगार दिया गया है। आखिर स्थानीय युवाओं की हिस्सेदारी का पूरा हिसाब सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता?

युवाओं की लड़ाई में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल

धरनास्थल पर बैठे युवाओं का आक्रोश सिर्फ कंपनी प्रबंधन तक सीमित नहीं है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जब सैकड़ों युवा अपने रोजगार और अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं, तब उनकी आवाज बुलंद करने वाले जनप्रतिनिधि कहां थे? क्या प्रभावितों का दर्द सिर्फ चुनाव के समय याद आता है? सांसद और विधायक से लेकर पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों तक की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं की मांगों को संबंधित प्रबंधन के सामने मजबूती से रखें।

धरनास्थल पर पहुंची पुलिस, वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल

युवाओं के अनुसार, शाम ढलते ही कंपनी के गुर्गे और पुलिस बल के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को वहां से हटाने लगे। इस दौरान सैकड़ों युवाओं को थाना ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। अब सवाल यह भी है कि शांतिपूर्ण तरीके से रोजगार की मांग कर रहे युवाओं के साथ ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई? क्या उनकी मांगों पर बातचीत के बजाय उन्हें हटाना ही समाधान है?

वायरल वीडियो के बाद विधायक पहुंचे, आंदोलन को समर्थन का भरोसा

मामले ने राजनीतिक तूल तब पकड़ा, जब वायरल वीडियो पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने संज्ञान लिया। दो नवंबर को विधायक धरनास्थल पहुंचे और युवाओं की मांगों के समर्थन में आंदोलन को सफल बनाने में साथ देने का भरोसा दिया। हालांकि, अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक का आश्वासन सुशी कम्पनी और आरएस यादव के साथ ठोस वार्ता और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की पहल में कितना कारगर साबित होता है।

अब जवाबदेही से नहीं बच सकता सुशी कंपनी प्रबंधन!

चंद्रगुप्त परियोजना का यह आंदोलन महज नौकरी की मांग नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों के भविष्य, अधिकार और सम्मान की लड़ाई बनता जा रहा है। कंपनी को स्पष्ट करना होगा कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की क्या नीति है, अब तक कितने प्रभावित परिवारों को रोजगार मिला है और आगे कितने युवाओं को अवसर देने की योजना है। केवल विकास और उत्पादन के आंकड़ों से क्षेत्र की तस्वीर नहीं बदलेगी। जब तक परियोजना से प्रभावित परिवारों के घरों में रोजगार और खुशहाली नहीं पहुंचेगी, तब तक विकास के दावों पर सवाल उठते रहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment