मजदूरी, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पर मजदूर संघ ने जताई नाराजगी, प्रबंधन पर श्रम कानूनों के उल्लंघन का लगाया आरोप
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : सकरीगली रेलवे रैक साइडिंग नंबर छह में मजदूरों और मेसर्स आलोक स्टोन के प्रबंधन के बीच उत्पन्न श्रम विवाद को लेकर सोमवार, 2 नवंबर को झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की जिला कमेटी सदस्य मुन्ना यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद मजदूरों की समस्याओं और प्रबंधन की कार्यशैली पर चर्चा की गई। बैठक में मजदूर मुन्ना यादव और कंपनी के मुंशी रंजय झा के बीच रैक प्लेसमेंट को लेकर हुए विवाद का मामला उठाया गया। संघ का आरोप है कि इस दौरान मुंशी द्वारा मजदूरों के साथ गाली-गलौज और अपशब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे मजदूरों में काफी नाराजगी है।
संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि स्टोन चिप्स कंपनी द्वारा निर्धारित समय पर माल की आपूर्ति नहीं की जाती है। इसके कारण मजदूरों को करीब चार घंटे तक माल आने का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, मजदूरों से काम कराने के बजाय जेसीबी मशीन से लोडिंग कराए जाने पर भी सवाल उठाए गए। संघ ने इसे श्रमिकों के हितों और श्रम कानूनों के विपरीत बताया।
बैठक में कहा गया कि मजदूरों द्वारा वैगन में आधे से अधिक माल लोड किए जाने के बाद आपूर्ति में देरी के कारण उन्हें काम से वापस भेजना उचित नहीं है। ऐसी स्थिति में मजदूरों को उनकी पूरी मजदूरी मिलनी चाहिए। संघ ने इसे श्रमिकों का अधिकार बताया। इस दौरान केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि रैक साइडिंग में न्यूनतम मजदूरी, बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है। मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आगामी 23 नवंबर 2026 को झारखंड मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मालदा स्थित डीआरएम कार्यालय पहुंचकर रेलवे प्रशासन को इन समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।बैठक में विजय यादव, राकेश राव, संजय रजक, धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


