दो स्वर्ण और छह कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप में जिले को मिला तीसरा स्थान, खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उपायुक्त ने दी बधाई
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : खूंटी में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित 22वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर वुशु चैंपियनशिप में साहिबगंज जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए। इसमें दो स्वर्ण और छह कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ साहिबगंज जिले ने ओवरऑल चैंपियनशिप में वुशु स्पर्धा के तहत तीसरा स्थान हासिल किया। झारखंड वुशु संघ, रांची के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला वुशु संघ, साहिबगंज की टीम ने सचिव सह प्रशिक्षक मृत्युंजय राय एवं सरताफ के नेतृत्व में हिस्सा लिया। जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रंजन घोष ने 80 किलोग्राम भार वर्ग में तथा प्रियम घोष ने ताओलू स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मम्पी कुमारी ने 60 किलोग्राम, लुखी हेंब्रम ने 52 किलोग्राम और सुषमा कुमारी ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा दीना मरांडी और सरताज आलम ने ताओलू स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित जिले के खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप में साहिबगंज के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते 8 पदक

Leave a Comment Leave a Comment

