जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी ने किया अभिलेखों का निरीक्षण, 10 से 23 दिसंबर तक चलेगा कुष्ठ रोगी खोज अभियान
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. किरण माला ने कुष्ठ रोग से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं एवं अभिलेखों के संधारण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुष्ठ पंजी, सहिया प्रोत्साहन राशि, कुष्ठ रोगियों के फूड एवं मोबिलिटी पंजी तथा दवा वितरण पंजी की जांच की। निरीक्षण के क्रम में डॉ. किरण माला ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी कुष्ठ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कुष्ठ रोग के कारण दिव्यांगता से प्रभावित मरीजों को आवश्यकता के अनुसार सेल्फ केयर किट एवं एमसीआर चप्पल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने आगामी 10 दिसंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले प्रथम चक्र के एलसीडीसी (लेप्रोसी केएस डिटेक्शन कैंपेन) कुष्ठ रोगी खोज अभियान की कार्ययोजना की भी विस्तृत जानकारी ली। इस संबंध में अचिकित्सा सहायक पवन कुमार वर्मा से अभियान की तैयारियों एवं क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान कुष्ठ रोग से संबंधित सभी संचिकाओं एवं मरीजों के पोर्टल को अद्यतन पाया गया। अभिलेखों के समुचित संधारण एवं पोर्टल अपडेट रहने पर जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी ने कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।
कुष्ठ रोगियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने का निर्देश

Leave a Comment Leave a Comment

