मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार संग किया चांडिल डैम का भ्रमण, विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की जताई प्रतिबद्धता

Lok Bimb
3 Min Read

प्राकृतिक सौंदर्य से अभिभूत हुए मुख्यमंत्री, पर्यटन सुविधाओं के विकास को लेकर उपायुक्त को दिए आवश्यक निर्देश

इको-टूरिज्म, स्थानीय रोजगार, नौकायन और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा विशेष जोर

सरायकेला-खरसावां : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने परिवार के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के प्रसिद्ध चांडिल डैम का भ्रमण किया। धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री डैम पहुंचे और वहां की विहंगम प्राकृतिक सुंदरता एवं शांत वातावरण का आनंद लिया। डैम की मनमोहक प्राकृतिक छटा से अभिभूत मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख और विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

डैम परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त के साथ इसके विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने चांडिल डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन, चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से संबंधित कार्ययोजना तैयार करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। यहां प्राकृतिक सौंदर्य के साथ पर्यटन की विभिन्न गतिविधियों को विकसित कर बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।

उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिया कि डैम पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। इसके अलावा नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से आसपास के गांवों के युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

सतत विकास की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल कार्ययोजना (सस्टेनेबल ब्लूप्रिंट) तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र का विकास इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

उन्होंने पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचनाओं के विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर चांडिल डैम को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment