रूडी की अध्यक्षता में दिशा की बैठक संपन्न, विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ कई नीतिगत निर्णयों पर बनी सहमति

Lok Bimb
3 Min Read

* बैठक में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक जनक सिंह, केदारनाथ सिंह, रणधीर सिंह, छोटी कुमारी, करिश्मा राय एवं विनय कुमार सिंह तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सच्चिदानंद राय और वीरेंद्र नारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
* लगभग 200 वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों ने उठाए जनहित के मुद्दे; कई विषयों पर जांच एवं प्रतिवेदन तैयार करने का आग्रह।
* सड़क, बिजली, पेयजल, पुल, सिंचाई, शहरी विकास एवं केंद्र सरकार की योजनाओं सहित 103 एजेंडा विषयों की समीक्षा।
* वृक्ष पातन, सड़क निर्माण, राष्ट्रीय उच्च पथ, राम-जानकी पथ एवं सिंचाई से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर नीतिगत निर्णयों के लिए सहमति।
* बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन के प्रबंधन एवं राहत कार्यों की अध्यक्ष सांसद रुडी ने की सराहना।

पटना
। सारण जिला समाहरणालय सभागार में सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में दिशा की बैठक आयोजित हुई। दो सत्रों में लगभग छह घंटे चली बैठक में जिले की विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़े 103 एजेंडा विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सड़क, बिजली, पेयजल, पुल, सिंचाई, शहरी निकाय, लंबित परियोजनाओं तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई। दिशा के अध्यक्ष सांसद रुडी ने बताया कि वृक्ष पातन, सड़क निर्माण, राष्ट्रीय उच्च पथ, राम-जानकी पथ और सिंचाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर नीतिगत निर्णयों के लिए जनप्रतिनिधियों की सहमति बनी। विभिन्न मामलों में जांच एवं विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का आग्रह भी किया गया। बैठक में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, तरैया विधायक जनक सिंह, बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, मांझी विधायक रणधीर सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, परसा विधायक करिश्मा राय एवं सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. सच्चिदानंद राय एवं वीरेंद्र नारायण यादव सहित जिला परिषद, नगर निकाय और प्रखंड स्तर के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, उप विकास आयुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित लगभग 200 वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने हालिया बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधन एवं राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बाढ़ के समय समन्वित ढंग से सराहनीय कार्य किया। बैठक में बाढ़ की स्थिति एवं उसके प्रभावों की समीक्षा के साथ शहर के विकास, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी विचार विमर्श हुआ। सांसद ने कहा कि दिशा समिति की बैठक प्रत्येक चार माह पर आयोजित होती है। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा जनसमस्याओं के समाधान को गति देना है।

Share This Article
Leave a Comment