दिसंबर के प्रथम सप्ताह में होगा बिहार राज्य खेल 2026 का आयोजन

Lok Bimb
2 Min Read

20 से अधिक खेल विधाओं में दमखम दिखाएंगे राज्य के खिलाड़ी, पटना और नालंदा में होंगी प्रतियोगिताएं

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। बिहार राज्य खेल 2026 का आयोजन दिसंबर के प्रथम सप्ताह में किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिता में 20 से अधिक खेल विधाओं को शामिल किया जाएगा। इसका आयोजन पटना के विभिन्न खेल स्थलों के अलावा नालंदा में भी होगा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खेल संघों के माध्यम से टीमों की प्रविष्टि की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। खिलाड़ियों के चयन और अन्य आवश्यक तैयारियां जारी हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, गृह तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग खिलाड़ियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा व्यवस्था, जबकि गृह विभाग विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगा। वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग आयोजन का प्रचार-प्रसार करेगा। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार राज्य खेल युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और क्षमता निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से और बेहतर समन्वय के साथ पूरी करने का निर्देश दिया।बैठक में खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, निदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सहित विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment