पटना में नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन, 32 राज्यों के युवाओं ने दिया एचआईवी जागरूकता का संदेश

Lok Bimb
3 Min Read

गांधी मैदान में 10 किलोमीटर दौड़ और 2 किलोमीटर वॉकथॉन में 1250 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
एचआईवी संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को पटना के गांधी मैदान में नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन किया गया। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की मेजबानी में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के मार्गदर्शन में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में आयोजित 10 किलोमीटर दौड़ में करीब 250 धावकों तथा 2 किलोमीटर वॉकथॉन में लगभग एक हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से HIV संक्रमण की रोकथाम, जागरूकता और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संक्रमित लोगों के प्रति सामाजिक भेदभाव खत्म करने में युवाओं की भूमिका अहम है। जागरूकता अभियान, बेहतर उपचार सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता से इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सही जानकारी पहुंचाने के साथ मां से बच्चे में एचआईवी संक्रमण रोकने के लिए भी निरंतर प्रयास जरूरी हैं। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि देशभर से प्रतिभागियों की भागीदारी एचआईवी के खिलाफ सामूहिक संकल्प को दर्शाती है। जनरल डॉ. तान्जिन डिकिड ने युवाओं से जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की। वहीं, यूनिसेफ की फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की समय पर एचआईवी जांच और उचित उपचार को मां से बच्चे में संक्रमण रोकने के लिए जरूरी बताया। समापन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने 10 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया। बालक वर्ग में पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो प्रथम, उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार द्वितीय और विद्यासागर तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की स्नेहल खरात ने प्रथम, मध्य प्रदेश की अंजलि पाटीदार ने द्वितीय और उत्तर प्रदेश की सोनी देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मौके पर अंतरराष्ट्रीय धावक पीयूष राज, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शैलेश कुमार तथा अभिनेता अशोक पाठक सहित बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एनके गुप्ता, सहायक निदेशक आलोक सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment