कटिहार में जदयू के ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ अभियान का समापन, बिहार के जल अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई का ऐलान
उमेश कुशवाहा बोले- अब बिहार के हितों की अनदेखी करना मुश्किल, लेशी सिंह ने कहा- अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन
गोपाल विद्यार्थी
पटना : फरक्का जल संधि के मुद्दे पर जदयू का जनजागरूकता अभियान बुधवार को कटिहार में संपन्न हो गया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान स्वरूप में फरक्का जल संधि का नवीनीकरण बिहार को मंजूर नहीं है। यदि नई संधि होती है तो उसमें वर्ष 2050 तक बिहार की जल आवश्यकताओं को प्राथमिकता देनी होगी। कटिहार इस अभियान का 12वां और अंतिम पड़ाव रहा।कटिहार टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह से पहले जदयू कला, संस्कृति एवं खेल प्रकोष्ठ की ओर से जागरूकता मैराथन आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को बक्सर से हुई थी। इसके तहत गंगा किनारे बसे बिहार के 12 जिलों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। संजय कुमार झा ने कहा कि वर्ष 1996 में भारत और बांग्लादेश के बीच हुई फरक्का जल संधि भारत, विशेषकर बिहार के हित में नहीं है। इस संधि के कारण बिहार का जल प्रबंधन प्रभावित हुआ है और राज्य गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुष्क मौसम में गंगा के साथ बिहार की आंतरिक नदियों से भी पानी खींचकर बांग्लादेश को दिया जाता है। इससे किसानों की सिंचाई, पेयजल, उद्योगों और लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित होती है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि फरक्का बराज और जल संधि से बिहार को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है। बराज के कारण गंगा में गाद जमा होने और नदी का तल ऊंचा होने से हर साल बाढ़ की समस्या गंभीर होती है, जबकि जल संधि के कारण बिहार को अपने हिस्से के पानी से भी वंचित होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय संधि का 73 प्रतिशत बोझ अकेले बिहार उठा रहा है। अब राज्य के हितों की अनदेखी करना संभव नहीं होगा। उन्होंने इस मुद्दे को संसद में उठाने के लिए संजय कुमार झा के प्रयासों की सराहना की। भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि फरक्का जल संधि बिहार के जल हितों पर कुठाराघात है। इसका असर कृषि, उद्योग और पेयजल की जरूरतों पर पड़ रहा है। भविष्य में इस संबंध में कोई भी निर्णय बिहार के हितों को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।कार्यक्रम में संधि से जुड़े मुद्दों पर तैयार डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई और विस्तृत जानकारी वाला पर्चा वितरित किया गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि 12 दिसंबर को संधि की अवधि पूरी होने के बाद बिहार की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। समारोह में विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी, विजय सिंह निषाद, पूर्व सांसद अशफाक करीम, महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज ऋषि, पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष शंभू सुमन, नागरिक परिषद के महासचिव सूर्यदेव मंडल, जदयू जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय, नगर अध्यक्ष राणा विशाल सहित पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


