मिल्की छठ घाट पर उमड़ेगी 50 हजार श्रद्धालुओं की भीड़, तैयारियों में जुटा नगर प्रशासन

Lok Bimb
2 Min Read

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने किया घाट का निरीक्षण, साफ-सफाई, रोशनी और पहुंच पथ दुरुस्त करने का दिया निर्देश

गोपाल विद्यार्थी 

पालीगंज :
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पालीगंज नगर पंचायत प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर कार्यपालक पदाधिकारी भावना ने मिल्की छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी अलंकारिका और वार्ड पार्षद संजय कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने घाट की साफ-सफाई, पहुंच पथ, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी कमियों को चिह्नित कर अविलंब दूर करने तथा घाटों पर पर्याप्त रोशनी और स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें। बताया जाता है कि मिल्की छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष करीब 50 हजार श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर प्रशासन के लिए घाट पर बेहतर व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण है। प्रशासन की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र के अन्य छठ घाटों का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment