280 मास्टर ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण, दो माह में पूरा होगा शिक्षकों का उन्मुखीकरण
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार के विद्यालयों को आपदा एवं विभिन्न जोखिमों से सुरक्षित बनाने के लिए राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में 280 मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। पांच बैच में चलने वाला यह कार्यक्रम 12 नवंबर तक आयोजित होगा।प्रशिक्षण के बाद मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जिलों में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। अगले दो माह में राज्य के 1,25,211 शिक्षकों का उन्मुखीकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सुरक्षा उपायों का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के पहले दिन मास्टर ट्रेनर्स को विद्यालय परिसर में संभावित खतरों की पहचान, सुरक्षित निकासी योजना तैयार करने और मॉक ड्रिल कराने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षा संबंधी आदतें विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी मेहताब रहमानी, अपर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. उदय कुमार उज्ज्वल, बसंत कुमार सिन्हा, राजीव कुमार और यूनिसेफ के पल्लव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में सुरक्षा संबंधी तैयारियों को मजबूत करना तथा आपदा के प्रति जागरूक और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण विकसित करना है।


