राजस्व विभाग ने बनाया विधायी प्रश्न निगरानी पोर्टल, जिलों की जवाबदेही होगी तय; हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा
मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल बोले- विधानमंडल के प्रति सरकार की जवाबदेही सर्वोपरि, समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना प्राथमिकता
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार विधानमंडल के सदन और समितियों में उठाए जाने वाले प्रश्नों तथा सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों के निष्पादन की निगरानी अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इसके लिए ‘विधायी प्रश्न निगरानी पोर्टल’ विकसित किया है। विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर सात दिनों के भीतर लंबित प्रश्नों और आश्वासनों की अद्यतन स्थिति पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया है।राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि विधानमंडल के प्रति सरकार की जवाबदेही सर्वोपरि है। सदन और उसकी समितियों में उठाए गए प्रश्नों तथा दिए गए आश्वासनों का समयबद्ध और तथ्यपरक जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है। नई डिजिटल व्यवस्था से जिलावार प्रगति और लंबित मामलों की स्थिति ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ अनावश्यक विलंब पर भी रोक लगेगी। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासनिक कार्यप्रणाली को तकनीक आधारित और अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। यह पोर्टल इसी पहल का हिस्सा है। अब तक विधानमंडल से संबंधित प्रश्नों और आश्वासनों की जानकारी जिलों से पत्र, ई-मेल और स्मार-पत्र के माध्यम से मांगी जाती थी। इससे जवाब प्राप्त होने, लंबित मामलों और पत्रों के विवरण का मिलान करने में काफी समय लगता था। नई व्यवस्था से सभी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
*सात दिनों में अपडेट करनी होगी लंबित रिपोर्ट*
सभी जिलाधिकारियों को नामित नोडल पदाधिकारी के माध्यम से पोर्टल का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। पत्र जारी होने के सात दिनों के भीतर जिले से संबंधित सभी प्रश्नों और आश्वासनों की वर्तमान स्थिति, टिप्पणी तथा भेजे गए जवाब का पत्रांक और दिनांक दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके बाद नया जवाब भेजे जाने पर उसी दिन या अगले कार्यदिवस तक पोर्टल अपडेट करना होगा। सभी बिंदुओं का जवाब भेजे जाने के बाद ही किसी प्रश्न या आश्वासन को पूर्ण चिह्नित किया जाएगा।
*हर महीने जिलों के कामकाज की होगी समीक्षा*
जिलाधिकारी प्रत्येक महीने पोर्टल पर दर्ज प्रगति की समीक्षा करेंगे। विभाग भी जिलावार मासिक समीक्षा करेगा। इससे पुराने आश्वासनों और लंबित प्रश्नों की पहचान कर उनका समयबद्ध निष्पादन कराया जा सकेगा। विधानमंडल की समितियों की बैठकों और सदन के सत्र से पहले विधानसभा एवं विधान परिषद से संबंधित जिलावार रिपोर्ट भी तत्काल उपलब्ध होगी। पोर्टल के संचालन के लिए हिंदी में चित्रों सहित 24 पृष्ठों की उपयोगकर्ता पुस्तिका उपलब्ध कराई गई है। सभी जिलों को लॉगिन आईडी दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पहली बार लॉगिन करने पर पासवर्ड बदलना अनिवार्य होगा। तकनीकी परेशानी होने पर विभाग के आईटी प्रकोष्ठ से सहायता ली जा सकेगी।


