डेढ़ दशक पुरानी मांग हुई पूरी, नदियों के पुनर्जीवन के साथ किसानों की उपजाऊ मिट्टी का कटाव भी रुकेगा
गोपाल विद्यार्थी
पटना : उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार सरकार और केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच हुए समझौता ज्ञापन का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गाद प्रबंधन की दिशा में यह समझौता बिहार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे नदियों को नया जीवन मिलेगा और बाढ़ की भयावहता कम करने में मदद मिलेगी। विजय चौधरी ने कहा कि नदियों में लगातार जमा हो रही गाद उनकी दुर्दशा और बिहार में बाढ़ की गंभीरता का प्रमुख कारण है। राज्य सरकार पिछले डेढ़ दशक से राष्ट्रीय गाद प्रबंधन नीति बनाने की मांग कर रही थी। इस समस्या को वर्ष 2011-12 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय गंगा रिवर बेसिन अथॉरिटी की बैठक में प्रमुखता से उठाया था। उस दौरान तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पवन बंसल को बक्सर से फरक्का तक गंगा में गाद जमाव की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण भी कराया गया था।उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री उमा भारती के समक्ष भी गाद प्रबंधन नीति की आवश्यकता और फरक्का बराज के निर्माण के बाद बिहार क्षेत्र में गाद जमा होने की समस्या उठाई गई थी। इसके बाद विशेषज्ञ समिति का गठन हुआ। समिति की रिपोर्ट के आधार पर वर्ष 2022 में राष्ट्रीय गाद प्रबंधन ढांचा प्रस्तावित किया गया, लेकिन इसे अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग ने ‘बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति-2026’ तैयार की है। इसी नीति के आधार पर 3 नवंबर को नई दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।उन्होंने कहा कि नदियों से गाद निकालने से उनकी जलधारण क्षमता और प्रवाह में सुधार होगा तथा बाढ़ की समस्या की गंभीरता कम करने में सहायता मिलेगी। निकाली गई गाद का उपयोग सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों में मिट्टी भराई के लिए किया जा सकेगा। इससे किसानों के खेतों की उपजाऊ मिट्टी का अनावश्यक खनन भी रुकेगा। विजय चौधरी ने इस समझौते को बिहार के जल संसाधनों के संरक्षण, नदी पुनर्जीवन और बाढ़ प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


