25 स्कूलों के 150 से अधिक छात्रों ने लिया भाग
मुजफ्फर हुसैन
राँची : 32वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस -2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय शॉर्टलिस्टिंग कार्यक्रम आज सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के भौतिकी विभाग में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण आयोजन में लगभग 25 स्कूलों के 150 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों और उनके स्कूल मेंटर्स का जोश और वैज्ञानिक जिज्ञासा देखना वाकई प्रेरणादायक था।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार का एक प्रमुख फ्लैगशिप कार्यक्रम है। इस वर्ष की फोकल थीम सस्टेनेबिलिटी के लिए साइंस और इनोवेशन रखी गई है। इसी थीम के अंतर्गत छात्रों ने पाँच थीमैटिक क्षेत्रों में अपने शोध एवं नवाचार प्रस्तुत किए:
1. अपशिष्ट प्रबंधन 2. ऊर्जा
3. जल 4. खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य 5. सस्टेनेबिलिटी के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली का अनुप्रयोग
उपायुक्त ने अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों को ऐसे वैज्ञानिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विचारों की मौलिकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एआई को केवल सहायक उपकरण के रूप में सीमित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने जिज्ञासा, रचनात्मकता और सामाजिक प्रभाव को नवाचार का मूल आधार बताया तथा सवाल पूछने की कला को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आसान से लगने वाले सवालों में भी गहरी वैज्ञानिक बातें छिपी हो सकती हैं। कार्यक्रम की चेयरपर्सन (वाइस प्रिंसिपल एवं भौतिकी विभाग की प्रमुख) डॉ. स्वरत चौधरी ने इस वर्ष की फोकल थीम और पाँच थीमैटिक क्षेत्रों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने एआई-जनित विचारों के बजाय मौलिक एवं नवाचारी विषयों पर जोर दिया। इवेंट मेंटर डॉ. फादर अजय अरुण मिंज एस.जे. ने भी सवाल पूछने की आदत को बढ़ावा दिया और सर आइजैक न्यूटन का उदाहरण देते हुए वैज्ञानिक जिज्ञासा की महत्ता बताई। छात्रों के शोध कार्यों और नवाचारी विचारों का मूल्यांकन अनुभवी विशेषज्ञों के पैनल ने किया। मूल्यांकनकर्ताओं में डॉ. एन.वी.ए. राव, डॉ. रितेश शुक्ला, डॉ. अनुपमा भार्गव, डॉ. प्रिया श्रीवास्तव, डॉ. रेमन कुमार सिंह, बीआईटी मेसरा के डॉ. किंगशुक बोस, रांची वीमेंस कॉलेज की डॉ. श्रेया पांडे, डॉ. अमृता कुमारी, योगदा सत्संग के डॉ. संतोष सिंह, डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा, डॉ. शिव शंकर प्रसाद तथा डॉ. राजीव रंजन श्रीवास्तव शामिल रहे। चयनित छात्रों के नाम जिला अकादमिक समन्वयक द्वारा राज्य स्तरीय भागीदारी के लिए भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला अकादमिक समन्वयक (भौतिकी विभाग, सेंट जेवियर्स कॉलेज) डॉ. सुमित कुमार रॉय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राज्य समन्वयक डॉ. अतेंद्र कुमार, जिला समन्वयक डॉ. रवि कुमार, डॉ. मितेश चक्रवर्ती, डॉ. राजेश कुमार, स्वागता चक्रवर्ती, अरुणाभ मुखर्जी, राहुल सिंह, राकेश प्रसाद, किरीटी महतो, प्रवीण टोप्पो, बिपिन तथा अबनेर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भौतिकी विभाग के छात्र स्वयंसेवकों ने आयोजन के समन्वय में अहम भूमिका निभाई। यह आयोजन युवा वैज्ञानिकों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


