मैदान में दम, लेकिन मंजिल दूर! ग्रामीण फुटबॉल प्रतिभाओं को आखिर कौन तराशेगा ?

Lok Bimb
3 Min Read

अनूप पांडेय

अनगड़ा
: ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल का जुनून आज भी बरकरार है। गांवों में आयोजित होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ी पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। लेकिन प्रतियोगिता समाप्त होते ही उनके सपनों की अगली राह धुंधली पड़ जाती है। न नियमित प्रशिक्षण की व्यवस्था है, न प्रशिक्षित कोच और न ही पर्याप्त खेल संसाधन। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ग्रामीण खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशकर बड़े मंच तक कौन पहुंचाएगा? महेशपुर निवासी अनवर खान इसकी एक मिसाल हैं। बेहतर फुटबॉलर रहे अनवर खान अनगड़ा के पूर्व उप प्रमुख भी रह चुके हैं। वह जिला स्तर पर बी डिवीजन फुटबॉल प्रतियोगिता में भी खेल चुके हैं। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उस दौर में खेल सुविधाएं बेहद सीमित थीं। झारखंड अलग राज्य भी नहीं बना था। न मोबाइल फोन थे और न ही प्रचार-प्रसार के आधुनिक साधन। इसके बावजूद खिलाड़ियों में फुटबॉल के प्रति गजब का जुनून था। अनवर खान बताते हैं कि बेहतर खेल प्रतिभा होने के बावजूद उन्हें भी आगे बढ़ने का पर्याप्त मंच नहीं मिल सका और उनकी कई ख्वाहिशें अधूरी रह गईं। उनका मानना है कि आज ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा और उत्साह दोनों मौजूद हैं। यदि उन्हें उचित प्रशिक्षण, प्रशिक्षित कोच और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे भी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। युवा फुटबॉलर विक्की नायक की परेशानी भी ग्रामीण फुटबॉल की इसी हकीकत को उजागर करती है। कई वर्षों से फुटबॉल खेलने के बावजूद उन्हें नियमित प्रशिक्षण, प्रशिक्षित कोच और जरूरी खेल संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन तो होता है, लेकिन प्रतियोगिता के बाद खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने की ठोस व्यवस्था नहीं बन पाती। नतीजतन, गांवों के मैदानों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी उचित अवसर के अभाव में स्थानीय टूर्नामेंट तक ही सीमित रह जाते हैं। जरूरत सिर्फ टूर्नामेंट आयोजित करने की नहीं, बल्कि ग्रामीण खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने की है। पंचायत, प्रखंड, जिला प्रशासन और खेल विभाग को इस दिशा में ठोस पहल करने की जरूरत है। गांवों में नियमित फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, प्रशिक्षित कोच और खेल सामग्री की व्यवस्था होनी चाहिए।
आखिर कब तक गांवों के मैदानों में प्रतिभाएं चमककर गुम होती रहेंगी? ग्रामीण फुटबॉल खिलाड़ियों को बड़े मंच तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा?

Share This Article
Leave a Comment